जनसंपर्क की असिस्टेंट डायरेक्टर का पति दिल्ली से गिरफ्तार: पूजा थापक की आत्महत्या मामले में दहेज उत्पीड़न का आरोप
अमित जोशी, 'सतपुड़ा खबर
भोपाल: जनसंपर्क विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास की पीआरओ, पूजा थापक, ने 9 जुलाई को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस दुखद घटना के बाद, गोविंदपुरा पुलिस ने 16 जुलाई को दहेज मृत्यु, आत्महत्या के लिए उकसाने, और प्रताड़ित करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। मामले के मुख्य आरोपी, निखिल दुबे और उसकी मां आशा दुबे, तब से फरार थे।
दिल्ली से हुई निखिल की गिरफ्तारी
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर निखिल की लोकेशन ट्रेस की और उसे 3 अगस्त को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। निखिल अपने एक दोस्त के घर में छिपा हुआ था। पुलिस की टीम ने उसे भोपाल लाकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी की मां की तलाश जारी
निखिल दुबे की गिरफ्तारी के बावजूद, उसकी मां आशा दुबे अभी भी फरार हैं। पुलिस की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। निखिल ने पूछताछ के दौरान बताया कि पूजा की मौत के बाद वह भोपाल छोड़कर भाग गया था, क्योंकि उसे आशंका थी कि पूजा के मायके वाले उसके खिलाफ केस दर्ज कराएंगे। फरारी के दौरान वह दिल्ली की अलग-अलग होटलों में छिपा रहा और अपने दोस्त के घर में भी रुका।
मां की संपत्ति का ब्योरा तैयार कर रही पुलिस
गोविंदपुरा पुलिस ने कोर्ट में फरारी पंचनामा पेश किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 30 दिन का समय मांगा था। निखिल की गिरफ्तारी के बाद, अब पुलिस उसकी मां आशा दुबे के नाम की संपत्तियों का ब्योरा तैयार कर रही है। यदि 28 अगस्त तक आशा दुबे गिरफ्तार नहीं होती हैं, तो कोर्ट उनकी संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दे सकता है।
निखिल और पूजा की शादी की कहानी
ग्वालियर निवासी पूजा थापक की शादी 2022 में भोपाल के निखिल दुबे से हुई थी। निखिल सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में सहायक संचालक हैं। दोनों का एक साल का बेटा भी है। पूजा के माता-पिता ने बताया कि शादी के समय 40-45 लाख रुपए खर्च किए थे और इंदौर में एक फ्लैट भी दिलाया था। इसके बावजूद निखिल और उसकी मां ने और संपत्ति की मांग की, जिसके कारण तनाव बढ़ता गया। शादी के बाद से ही पूजा को प्रताड़ित किया जा रहा था।
मायके वालों की व्यथा
पूजा की मां ने बताया कि घटना वाले दिन, पूजा ने उन्हें फोन पर कहा था कि वह अब और सहन नहीं कर पा रही है और अपनी जान लेने जा रही है। यह सुनकर वे तुरंत ही निखिल को फोन किया, लेकिन जब निखिल ने बेडरूम में देखा तो दरवाजा अंदर से बंद पाया।
इस मामले में पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई का सभी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि न्याय मिल सके।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें