शनिवार, 20 दिसंबर 2025

PMGSY: सड़क नहीं, घोटाले की परत बिछी

 🔥 24 घंटे में उखड़ी सड़क! PMGSY में बड़ा खेल, अफसर मौन – ठेकेदार बेलगाम


अमित जोशी संपादक सतपुड़ा खबर 

छिंदवाड़ा (म.प्र.) – प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण (PMGSY) इकाई छिंदवाड़ा के अंतर्गत पैकेज क्रमांक MP07MTN269 में छिंदवाड़ा–मटकुली मार्ग से मोरडोंगरी खुर्द (25.90 किमी) तक किए जा रहे बी.टी. रिन्यूवल कार्य में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। सड़क निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब है कि 24 घंटे के भीतर ही नई डामरीकरण परत उखड़ने लगी, जिससे शासन के करोड़ों रुपये के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगा है।

❗ बिना सफाई, बिना टेक-कोट… फिर कैसे टिकेगी सड़क?

ग्रामीणों के अनुसार, डामरीकरण से पहले न तो सतह की उचित सफाई की गई, न ही मापदंड अनुसार टेक-कोट डाला गया। नियमों के अनुसार टेक-कोट का छिड़काव बोजर मशीन से स्प्रे द्वारा किया जाना चाहिए, लेकिन मशीन साइट पर उपलब्ध ही नहीं थी। इसके बावजूद आनन-फानन में डामर बिछा दिया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि डामर मिश्रण भी निर्धारित अनुपात में नहीं किया गया, नतीजतन सड़क जगह-जगह से उखड़ रही है। निर्माण पूरा होने से पहले ही सड़क का दम टूटना साफ बताता है कि गुणवत्ता से खुला खिलवाड़ किया गया है।

🧩 शिकायत के बाद भी GM की चुप्पी, ठेकेदार के हौसले बुलंद

ग्रामीणों ने गुणवत्ताहीन कार्य की सीधी शिकायत महाप्रबंधक (GM) कविता पटवा से की थी, लेकिन किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि GM की निष्क्रियता से ठेकेदार के हौसले और बुलंद हो गए और वह खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाता रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद होकर भी गुणवत्ता की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे यह संदेह और गहरा होता है कि शासन की राशि का दुरुपयोग जानबूझकर किया जा रहा है

📌 विभाग की स्वीकारोक्ति: आरोप सही, NCR जारी

मामले पर हमारी टीम ने सहायक प्रबंधक (PMGSY) रजनी कोचेकर से संपर्क किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों के आरोप सही पाए गए हैं। ठेकेदार पर NCR (नॉन-कन्फॉर्मेंस रिपोर्ट) जारी कर दी गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि:

  • गुणवत्ताहीन कार्य का भुगतान ठेकेदार को नहीं किया जाएगा

  • पिछले दो दिनों में किए गए बी.टी. रिन्यूवल को उखाड़कर दोबारा कराया जाएगा

  • खराब मटेरियल हटाकर पुनः मानक गुणवत्ता के साथ सड़क का निर्माण किया जाएगा

📵 फील्ड इंजीनियर गायब, सवाल बरकरार

हैरानी की बात यह है कि पिछले दो दिनों से फील्ड पर कार्य देख रहे विभागीय इंजीनियर संजय साहू से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे विभागीय निगरानी और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।

🚧 जनता परेशान, जिम्मेदारी किसकी?

इस घटिया निर्माण के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यदि ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तो यह मामला भी अन्य सड़कों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

अब बड़ा सवाल यह है कि—

क्या दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई होगी? या फिर PMGSY में गुणवत्ता के नाम पर यह लूट यूं ही चलती रहेगी?

🗣️ महाप्रबंधक (GM) कविता पटवा का पक्ष

इस संबंध में GM कविता पटवा ने अपने लिखित/व्हाट्सएप जवाब में बताया कि संबंधित मार्ग 05 वर्षीय संधारण एवं रखरखाव अंतर्गत है और वर्तमान में बी.टी. रिन्यूवल कार्य प्रगति पर है। 28.11.2025 को OGPC/सीलकोट का कार्य प्रारंभ किया गया था। लगभग 500 मीटर कार्य के बाद रात्रि में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण OGPC क्षतिग्रस्त हो गया। इसके उपरांत 03.12.2025 को ठेकेदार को नोटिस जारी कर क्षतिग्रस्त हिस्से को उखाड़कर पुनः बी.टी. रिन्यूवल कराने के निर्देश दिए गए, जिस पर ठेकेदार द्वारा कार्य दोबारा कराया गया।

❓ फिर भी उठते हैं ये अहम सवाल

  • यदि भारी वाहनों से कार्य खराब हुआ, तो रात्रिकालीन यातायात प्रतिबंध/डायवर्जन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

  • डामरीकरण से पहले सतह की सफाई और टेक-कोट स्प्रे मशीन साइट पर क्यों उपलब्ध नहीं थी?

  • 24 घंटे में परत उखड़ना क्या मिश्रण अनुपात और गुणवत्ता नियंत्रण पर सवाल नहीं उठाता?

बुधवार, 15 अक्टूबर 2025

कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड में बड़ा खुलासा

 💊 “कमीशन की लालच ने निगल ली 25 मासूम ज़िंदगियाँ”


कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड में बड़ा खुलासा – डॉ. सोनी को मिलता था 10% कमीशन, कोर्ट ने जमानत ठुकराई 🚫


सतपुड़ा खबर: मध्यप्रदेश को हिला देने वाले कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। परासिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. प्रवीण सोनी ने अदालत में स्वीकार किया है कि उन्हें श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स से कोल्ड्रिफ सिरप प्रिस्क्राइब करने पर 10% कमीशन मिलता था। एक सिरप की एमआरपी ₹89 होने के बावजूद, यह सौदा मानवता से बड़ा साबित हुआ।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, डॉ. सोनी की पत्नी और भतीजे की मेडिकल दुकानों पर भी यही सिरप बेचा जा रहा था, जिससे अब यह साफ है कि कमीशन और कारोबार के लालच में मासूमों की जान से खिलवाड़ किया गया।

⚖️ कोर्ट का सख्त रुख

मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा —

“डॉक्टर ने मेडिकल गाइडलाइन का खुला उल्लंघन किया है और निर्दोष बच्चों को जानलेवा दवा दी है। यह न केवल पेशेवर अपराध है, बल्कि मानवता के खिलाफ अपराध भी है।”

इसी के साथ, अदालत ने डॉ. सोनी की जमानत याचिका खारिज कर दी, यह कहते हुए कि “ऐसे अपराध पर नरमी नहीं बरती जा सकती।”

🧑‍⚖️ बचाव पक्ष की दलील

डॉ. सोनी के वकील ने तर्क दिया कि दवा में मिलावट की जिम्मेदारी निर्माता कंपनी की है, डॉक्टर ने तो सिर्फ दवा लिखी थी। लेकिन कोर्ट ने साफ कहा — “दवा लिखने से पहले डॉक्टर की जिम्मेदारी है कि वह उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करे। लाभ के लिए बच्चों की जान नहीं बेची जा सकती।”

🚨 स्वास्थ्य तंत्र पर उठे गंभीर सवाल

इस मामले ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं — क्या हमारा स्वास्थ्य तंत्र इतना कमजोर हो गया है कि कमीशन की लालच जान से ज्यादा कीमती हो गई? कैसे एक सरकारी अस्पताल में काम करने वाला डॉक्टर दवा कंपनियों की दलाली में शामिल हो सकता है?

🗞️ संपादकीय टिप्पणी (सतपुड़ा खबर)

“यह सिर्फ एक डॉक्टर की कहानी नहीं, बल्कि पूरे तंत्र की विफलता का आईना है। अब वक्त आ गया है कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ऐसे मामलों में उदाहरण प्रस्तुत करे ताकि कोई भी डॉक्टर कभी कमीशन के लिए मासूमों की जान से खिलवाड़ न कर सके।”

गुरुवार, 25 सितंबर 2025

नशा मुक्त भारत अभियान

 नशा मुक्त भारत अभियान : छिंदवाड़ा में लिया गया नशा मुक्ति का संकल्प

  

अमित जोशी (संपादक)सतपुड़ा खबर 

छिंदवाड़ा। एक्सीलेंस शिक्षा समिति के तत्वावधान में तथा देशभक्ति फिजिकल ग्रुप, छिंदवाड़ा के सहयोग से पुलिस ग्राउंड परिसर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और नशे के दुष्प्रभावों से समाज को मुक्त कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने नशे को परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए घातक बताते हुए युवाओं से इसे त्यागने की अपील की।

आयोजन को सफल बनाने में पल्लवी ब्यौत्रा, स्वाति शर्मा, विजय इवनाती, आयशा लोधी, अल्का शुक्ला, इस्माइल कुरेशी और नूपुर की सक्रिय भूमिका रही।

प्रतिभागियों ने कही ये बातें

  • “नशा सिर्फ स्वास्थ्य ही नहीं बिगाड़ता बल्कि परिवार और भविष्य को भी बर्बाद करता है। हमें संकल्प लेना होगा कि इसे अपने जीवन से दूर रखें।” — पल्लवी ब्यौत्रा

  • “युवाओं को नशे से दूर रखकर ही हम एक सशक्त और प्रगतिशील भारत का निर्माण कर सकते हैं।” — विजय इवनाती

कार्यक्रम का संदेश

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को जागरूक करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए नशा मुक्त वातावरण तैयार करना था। उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

बुधवार, 24 सितंबर 2025

शनिवार, 20 सितंबर 2025

उमरानाला पुलिस की सख़्ती, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट वालों पर कार्रवाई

 NH-47 पर उमरानाला पुलिस की सख़्ती, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट वालों पर कार्रवाई

अमित जोशी (संपादक)सतपुड़ा खबर: 

उमरानाला: सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए उमरानाला चौकी पुलिस ने शनिवार को NH-47 पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चालकों और बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियम तोड़ने वालों को चेतावनी देते हुए आगे से यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।

अभियान का नेतृत्व चौकी प्रभारी पारस आर्मो ने किया। इस दौरान कमलेश बेलवंशी, संतोष बघेल, गंगाराम किर, रूपनारायण सिंह, प्रमोद दीक्षित सहित चौकी का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे स्वयं की सुरक्षा और सड़क हादसों से बचाव के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

रविवार, 27 जुलाई 2025

छिंदवाड़ा में यूरिया की कालाबाजारी पर सख्ती

 छिंदवाड़ा में यूरिया की कालाबाजारी पर सख्ती: 5 FIR, 23 लाइसेंस रद्द, 37 निलंबित


छिंदवाड़ा जिले में यूरिया की कमी के बीच उसकी कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के निर्देश पर अब तक 5 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, 23 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द किए गए हैं और 37 के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

लावाघोघरी थाना क्षेत्र के मैनीखापा गांव स्थित विकास कृषि केंद्र के संचालक विकास सूर्यवंशी पर यूरिया को निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बेचने का आरोप है, जिस पर एफआईआर दर्ज की गई है।

हर दुकान पर निगरानी अधिकारी तैनात
उप संचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जिले के सभी निजी उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर विभागीय विस्तार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे यूरिया की बिक्री की पूरी निगरानी हो सके।

टैगिंग और ओवररेटिंग पर सख्त चेतावनी
प्रशासन ने चेताया है कि अगर कोई विक्रेता यूरिया के साथ अन्य खाद अनिवार्य रूप से बेचने (टैगिंग) या निर्धारित दर से अधिक मूल्य (ओवररेटिंग) वसूलता है, तो उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से शिकायत करने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी यूरिया की कालाबाजारी, टैगिंग या ओवररेटिंग की जानकारी मिले, तो तत्काल कृषि विभाग या जिला नियंत्रण कक्ष में शिकायत करें। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

मलबा हटाने पहुंचे निगमकर्मियों के सामने भिड़े दो पक्ष

 मलबा हटाने पहुंचे निगमकर्मियों के सामने भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने कराया शांत


छिंदवाड़ा के गोलगंज क्षेत्र में शनिवार को नगर निगम की कार्रवाई के दौरान उस समय हंगामा हो गया जब एक जर्जर इमारत का मलबा हटाने पहुंचे निगमकर्मियों के सामने दो पक्ष आपस में भिड़ गए। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा।

नगर निगम आयुक्त सीपी राय ने बताया कि यह जर्जर इमारत पिछले तीन वर्षों से विवादों में थी। गुप्ता इलेक्ट्रिकल्स के संचालक दिलीप गुप्ता और इमारत की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले अभय कोठारी को निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन दोनों ही पक्षों ने मरम्मत या ध्वस्तीकरण की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने हाल ही में इमारत के अग्रिम हिस्से को गिरा दिया था। शनिवार को जब निगमकर्मी मलबा हटाने पहुंचे, तो दोनों पक्ष वहां पहुंचकर आपस में उलझ गए। देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई।


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के एसआई नारायण बघेल और एएसआई बृजेश रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद नगर निगम आयुक्त सीपी राय भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को सख्त चेतावनी दी।

आयुक्त की सख्ती के बाद निगमकर्मी मलबा हटाने की कार्रवाई पूरी कर सके। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत किया है, लेकिन मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की संभावना बनी हुई है।


किसान ने कूदकर बचाई बैलों की जान

 उफनती नदी में बहने लगी बैलगाड़ी, किसान ने कूदकर बचाई बैलों की जान


छिंदवाड़ा जिले के हर्रई विकासखंड स्थित राजढाना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेज बारिश के बाद उफनती नदी में एक किसान की बैलगाड़ी बहने लगी। साहस का परिचय देते हुए किसान ने बहते पानी में छलांग लगाई और अपने दोनों बैलों की जान बचा ली। यह घटना गांव के पास स्थित रपटे की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसान अपनी बैलगाड़ी लेकर रपटे पर खड़ा था, तभी अचानक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और तेज बहाव में बैलगाड़ी बहने लगी। स्थिति गंभीर होती देख किसान ने बिना समय गंवाए नदी में कूदकर बैलों को खोल दिया और उन्हें सुरक्षित किनारे ले आया।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अगर किसान ने समय पर पहल नहीं की होती, तो बैलों की जान जाना तय था। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदियां और नाले उफान पर हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान नदियों और जल स्रोतों के पास जाने से बचें और पूरी सावधानी बरतें।

शनिवार, 12 जुलाई 2025

छिंदवाड़ा में आदिवासी युवक की बेरहमी से पिटाई!

 

छिंदवाड़ा में आदिवासी युवक की पिटाई, 

वनरक्षक पर FIR



छिंदवाड़ा के कुंभपानी रेंज के सिंगारदीप जंगल में आदिवासी युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि सागौन चोरी के शक में वनरक्षक संजय नामदेव ने युवक शिवपाल उईके को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके शरीर पर नीले निशान पड़ गए और दो डंडे तक टूट गए।

घटना 7 जुलाई की है। शिवपाल का कहना है कि वह घरेलू उपयोग के लिए लकड़ी लेकर लौट रहा था, तभी खेत के पास वनरक्षक ने रोककर बिना पूछताछ उसे मारना शुरू कर दिया। युवक की आंख और शरीर पर गहरे जख्म हैं।

गुरुवार को चौरई विधायक सुजीत चौधरी आदिवासी समाज के लोगों के साथ बिछुआ थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने वनरक्षक पर SC/ST एक्ट सहित IPC की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

वनरक्षक संजय नामदेव ने पिटाई के आरोपों से इनकार किया। उसने दावा किया कि युवक को तीन सागौन लट्ठों के साथ पकड़ा गया था और रेंज ऑफिस लाकर कानूनी कार्रवाई के बाद छोड़ दिया गया।

रेंजर मार्तण्ड मरावी ने बताया कि वनरक्षक को बीट से हटा दिया गया है और जांच के लिए दो सदस्यीय टीम बनाई गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

----------------------------------------

सतपुड़ा ख़बर के सभी पाठकों, विज्ञापनदाताओं और सहयोगियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना

कृपया ध्यान दें!
सतपुड़ा ख़बर समाचार पत्र में प्रकाशक/संपादक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को किसी भी प्रकार का भुगतान न करें।

समाचार पत्र या विज्ञापन संबंधी लेन-देन केवल अधिकृत व्यक्ति से ही करें।

भुगतान आप निम्न माध्यम से ही करें:
🔷 PhonePe नंबर: 8962184030
🔷 सतपुड़ा ख़बर बैंक खाता संख्या: 029050100000042

किसी भी फर्जी व्यक्ति से सावधान रहें।

🔷 अधिक जानकारी व सत्यापन के लिए संपर्क करें:
✍️ अमित जोशी, संपादक
📞 मोबाइल: 8962184030

----------------------------------------