मंगलवार, 1 जुलाई 2025

जबलपुर में युवती पर एसिड अटैक: 50% तक झुलसी, आरोपी सहेली गिरफ्तार

 

जबलपुर में युवती पर एसिड अटैक: 50% तक झुलसी

आरोपी सहेली गिरफ्तार

अमित जोशी ( संपादक )
      सतपुड़ा खबर,
     8962184030



जबलपुर के गौरीघाट थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी कॉलोनी में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 22 वर्षीय युवती श्रद्धा दास पर उसकी ही पूर्व सहेली इशिता साहू (21) ने एसिड अटैक कर दिया, जिससे श्रद्धा करीब 50% तक झुलस गई। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

‘सरप्राइज है, बाहर आओ’ कहकर बुलाया और फेंक दिया तेजाब

घटना रात करीब 10:30 बजे की है। इशिता, श्रद्धा के घर पहुंची और गेट पर आवाज लगाई। श्रद्धा ने घर के अंदर से कहा कि उसका अगला दिन एग्जाम है, वह बाहर नहीं आ सकती। इस पर इशिता ने कहा, "तुम्हारे लिए सरप्राइज है, सिर्फ दो मिनट के लिए बाहर आ जाओ।" श्रद्धा बाहर आई, थोड़ी देर दोनों में बातचीत हुई, लेकिन जैसे ही वह वापस घर में जाने लगी, इशिता ने उस पर एसिड फेंक दिया।

मां की सूझबूझ से दी गई प्राथमिक राहत

श्रद्धा की चीख सुनकर उसकी मां तुरंत बाहर दौड़ीं। उन्होंने देखा कि श्रद्धा के कपड़े जल चुके हैं और वह बुरी तरह तड़प रही है। मां ने उसे तत्काल बाथरूम में ले जाकर पानी से धोया और फिर अस्पताल ले जाया गया।

आरोपी लड़की गिरफ्तार, माता-पिता फरार

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी इशिता साहू को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके माता-पिता—अग्नि साहू और उनकी पत्नी—फरार हैं। श्रद्धा के परिजनों का आरोप है कि इस वारदात में इशिता की मां भी शामिल थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के घर पर ताला लटका मिला है।

एक साल से नहीं थी बात, जलन की भावना ने दी वारदात को अंजाम

श्रद्धा की मां ज्योत्सना दास ने बताया कि दोनों सहेलियाँ पहले बहुत घनिष्ठ थीं, लेकिन पिछले एक साल से इनका आपसी मेलजोल बंद हो गया था। दो महीने से श्रद्धा ने इशिता से बात करना भी बंद कर दिया था और उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया था।

श्रद्धा की मां के अनुसार, “इशिता, श्रद्धा की तरक्की से जलती थी। श्रद्धा मेहनती है, पढ़ाई करती है और नौकरी भी करती है। वहीं इशिता के पास कुछ नहीं था। जो भी चीज श्रद्धा के पास थी, इशिता उसे पाने की चाह रखती थी।”


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें