बुधवार, 2 जुलाई 2025

फव्वारा चौक पर अवैध 'अहाता'

 फव्वारा चौक पर अवैध 'अहाता' का खेल जारी, गुलाबी गैंग ने दी चेतावनी: पुलिस-आबकारी मौन

अमित जोशी (संपादक)
सतपुड़ा खबर छिंदवाड़ा:
8962184030
   शहर के फव्वारा चौक पर संचालित देशी-विदेशी शराब दुकानों के पास में 8 से 10 अवैध ‘अहाता’ (गैरकानूनी शराब सेवन स्थल) धड़ल्ले से चल रहे हैं। इन स्थानों पर खुलेआम लोगों को बुलाकर शराब पीने की सुविधा दी जाती है – डिस्पोजल गिलास, पानी, चखना सहित सभी सुविधाएं बिना किसी लाइसेंस के उपलब्ध कराई जाती हैं।

 यह स्थिति तब और चिंताजनक हो जाती है जब फव्वारा चौक पर चौबीसों घंटे पुलिस प्रशासन की निगरानी रहती है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन को इन अवैध गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर आंखें मूंद रखी हैं?

   इन अवैध अड्डों के खिलाफ अब गुलाबी गैंग की कमांडर पूर्णिमा वर्मा ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्णिमा वर्मा ने संबंधित लाइसेंसी दुकानों पर जाकर रेट लिस्ट और संचालन प्रक्रिया पर सवाल उठाए और बाजू में चल रहे अवैध अड्डों को तुरंत बंद करने की मांग की।

   उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो गुलाबी गैंग उग्र आंदोलन करेगी। पूर्णिमा वर्मा का कहना है कि इस मार्ग से हर दिन हजारों महिलाएं और बच्चियां गुजरती हैं, जो इन अड्डों की वजह से शर्म और भय की स्थिति से गुजरती हैं।

   फव्वारा चौक ही नहीं, अलका टॉकीज के पास, खजरी, मोहन नगर और अन्य कई स्थानों पर ऐसे अवैध 'आता' धड़ल्ले से चल रहे हैं। जहां लाइसेंसी दुकानें हैं, वहीं पास में तंबू या टीन शेड डालकर अवैध शराब सेवन स्थल बनाए गए हैं।

   चौंकाने वाली बात यह है कि जब पुलिस और आबकारी विभाग से बात की जाती है, तो दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल देते हैं। पुलिस कहती है कि आबकारी कार्रवाई करे और आबकारी विभाग पुलिस की भूमिका की बात करता है।

   पूर्णिमा वर्मा ने कहा है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो गुलाबी गैंग स्वयं कार्रवाई करेगी, और इसका पूरा उत्तरदायित्व शासन-प्रशासन का होगा।

  अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब तक मौन रहता है? क्या अब भी कोई ठोस कदम उठाया जाएगा या यह अवैध खेल यूं ही चलता रहेगा?


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें