परासिया विधायक सोहन बाल्मिक ने एसपी से मुलाकात कर छठ पूजा प्रदर्शन पर दर्ज एफआईआर को लेकर जताई नाराजगी
अमित जोशी सतपुड़ा खबर परासिया। छठ पूजा के दौरान न्यूटन पेंच नदी के गेट खोलने को लेकर कांग्रेस विधायक सोहन बाल्मिक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाल ही में परासिया के मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के बाद परासिया पुलिस ने विधायक सहित 40 लोगों के खिलाफ धारा 126-2 और गैर कानूनी जमावड़े (189-2 बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया था।
आज इस मामले को लेकर विधायक सोहन बाल्मिक ने न्यूटन नगर परिषद की अध्यक्ष के साथ परासिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार हिंदू त्योहारों को मनाने की अनुमति नहीं दे रही है। उनका आरोप था कि सरकार जानबूझकर छठ पूजा के दौरान समस्याएं खड़ी कर रही है।
इस दौरान एसपी मनीष खत्री से उनकी मुलाकात हुई, जिसमें एसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि सड़क जाम करना गैरकानूनी है, और किसी को भी यह अधिकार नहीं है कि वह दूसरों का मार्ग अवरुद्ध करें।
मामला क्या था?
6 नवंबर को, छठ पूजा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न्यूटन में बांध के गेट खोलने की मांग को लेकर चक्काजाम किया था। इस प्रदर्शन की अगुवाई विधायक सोहन बाल्मिक ने की थी। प्रदर्शन के दौरान लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित हुआ था, जिसके बाद एसडीएम के आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त किया गया था।
पुलिस ने इस प्रदर्शन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैरकानूनी रूप से सड़क पर भीड़ एकत्र करने और यातायात अवरुद्ध करने के लिए मामला दर्ज किया है। इस मामले में न्यूटन नगर परिषद की अध्यक्ष को भी आरोपी बनाया गया है।
अब यह मामला और भी गर्मा गया है, क्योंकि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।